रीवा (अखंड सत्ता)
आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत आज रीवा विधानसभा का भव्य सम्मेलन संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में म.प्र. के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ला उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने की। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मौजूद थे।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा, “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” केवल नारा नहीं बल्कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत की नींव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे स्वदेशी उत्पादों को अपनाएं, अपनी संस्कृति को सहेजें और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाएं। श्री शुक्ला ने स्वामी विवेकानंद के आत्मनिर्भरता संदेश का स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्र की शक्ति उन लोगों से आती है जो आर्थिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत हों।
जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण स्वदेशी उत्पादों के उपयोग से संभव है। यह अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दें और हर घर स्वदेशी का नारा अपनाएं।
मुख्य वक्ता सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते आए हैं। देशवासियों द्वारा स्वदेशी उत्पादों का अधिकाधिक उपयोग देश के कारीगरों और छोटे कलाकारों की आमदनी बढ़ाएगा और राष्ट्र आर्थिक रूप से मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि आगामी दीवाली पर विदेशी लाइटिंग उत्पादों की जगह मिट्टी के दीयों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाए।
कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री राजेश पाण्डेय, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष विद्याप्रकाश श्रीवास्तव, पूर्व महापौर राजेन्द्र ताम्रकार, जिला महामंत्री उमाशंकर पटेल, जीवनलाल साकेत, जिला उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक अशोक सिंह गहरवार, सह संयोजक श्रीमती मनीषा पाठक, मनीषचन्द्र शुक्ला, विवेक पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष प्रबोध व्यास, शरद साहू, राजेश सिंह, जिला मंत्री श्रीमती गीता मांझी, बृजेन्द्र गौतम, मंडल अध्यक्ष श्रीमती हेमलता सिंह, शिवम द्विवेदी, डॉ. भूपेन्द्र सिंह, गौरव पाण्डेय, कमलेश सचदेवा, रावेन्द्र सिंह सेंगर, वीरेश पाण्डेय, महेन्द्र त्रिपाठी, देवेन्द्र पाण्डेय, जय सिंह, प्रकाश सोनी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।