बिलासपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशा-निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस बिलासपुर द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन पर लगातार सख्त, कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु योजनाबद्ध तरीके से बहुआयामी लक्ष्य निर्धारित कर कार्रवाई की जा रही है।
ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं की बड़ी बैठक आयोजित
इसी क्रम में दिनांक 14 जनवरी 2026 को यातायात पुलिस मुख्यालय बिलासपुर में नगर के समस्त ऑटो पार्ट्स विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विक्रेताओं को अवैध मोडिफाइड साइलेंसर की बिक्री पूर्णतः बंद करने तथा प्रेशर हॉर्न के विक्रय एवं संग्रहण पर पूर्ण प्रतिबंध के संबंध में सख्त निर्देश दिए गए।
ISI मार्क हेलमेट बेचने के निर्देश
यातायात पुलिस द्वारा ऑटो पार्ट्स संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे केवल ISI मार्क युक्त उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट ही विक्रय करें, जिससे दुर्घटनाओं के दौरान वाहन चालकों को गंभीर चोट अथवा जान-माल की हानि से बचाया जा सके।
अतिक्रमण और अव्यवस्था पर होगी कार्रवाई
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि दुकानों के सामने सड़क या फुटपाथ पर सामान रखकर व्यवसाय करने, वाहनों को अव्यवस्थित खड़ा करने, तथा सार्वजनिक आवागमन को बाधित करने की स्थिति में कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही दुकानों एवं गैरेजों के बाहर लगाए गए बैनर, पोस्टर, फ्लेक्सी, डिस्प्ले एवं अन्य विज्ञापन होर्डिंग्स जो मुख्य मार्ग को बाधित करते हैं, उन्हें शीघ्र हटाने की हिदायत दी गई।
सेक्टर आधारित योजना से बनेगा ‘यातायात उल्लंघन मुक्त शहर’
यातायात पुलिस ने जानकारी दी कि शहर को सेक्टर के आधार पर प्राथमिकता तय कर ‘यातायात उल्लंघन मुक्त शहर’ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने हेतु व्यापारियों एवं आम नागरिकों से पुलिस एवं प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई।
फुटपाथ अतिक्रमण पर जीरो टॉलरेंस
ऑटो पार्ट्स संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्थित फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें, ताकि पैदल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम मार्ग मिल सके और मुख्य सड़क वाहनों के लिए सुरक्षित बनी रहे।
अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री रामगोपाल करियारे, टीआई इंदल पाटले, टीआई साहू सहित यातायात विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।