चौकी बेलगहना थाना कोटा क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध धारा 74 बीएनएस एवं 8/12 पाक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मनीष कांशीपुरी पिता सोनू काशीपुरी, निवासी बहेरामुड़ा, चौकी बेलगहना, थाना कोटा, जिला बिलासपुर द्वारा नाबालिग पीड़िता का जबरन हाथ पकड़कर गलत नियत से छेड़छाड़ की गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी बेलगहना में तत्परता दिखाते हुए संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिनके निर्देश पर बेलगहना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 21 जनवरी 2026 को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए गए।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
बेलगहना पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत हुआ है।