
शहडोल। सिंधी समाज के आराध्य भगवान श्री झूलेलाल का जन्मोत्सव इस वर्ष बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत 19 मार्च की रात्रि 7:15 बजे महाआरती के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
20 मार्च को प्रातः 8:30 बजे स्कूटर एवं वाहन रैली के साथ नगर भ्रमण किया गया। रैली के दौरान “झूलेलाल” के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। इसके पश्चात सुबह 11 बजे झूलेलाल जी के भजनों का आयोजन किया गया। दोपहर 12 बजे आरती, अरदास एवं पलव की रस्म संपन्न हुई तथा 12:30 बजे लंगर प्रसाद का वितरण किया गया।
दोपहर 3 बजे सामूहिक जनेऊ संस्कार का आयोजन किया गया, जिसमें कई बच्चों ने भाग लिया। वहीं शाम 5 बजे पूज्य बहराणा साहिब की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो रात्रि लगभग 10 बजे संपन्न हुई। इसके बाद रात 10 बजे आम लंगर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शहडोल जिले के कलेक्टर ने भी झूलेलाल मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और लंगर प्रसाद ग्रहण किया।
तेज बारिश और खराब मौसम के बावजूद झूलेलाल जी की पावन यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह आयोजन समाज की आस्था, एकता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी भक्तों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा, जिनका आयोजकों द्वारा आभार व्यक्त किया गया।