बिलासपुर :- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के रामाग्रीन सिटी, बीजौर द्वारा तथा सेवा केंद्र शिवगुलजार भवन तोरवा के संयुक्त प्रतिनिधित्व में ग्रीष्मकालीन अवकाश के अवसर पर बच्चों की उज्जवल भविष्य हेतु समर कैंप का आयोजन रामाग्रीन सिटी, देवानंद नगर, तोरवा, प्रगति विहार एवं बीजौर सहित उक्त सेवा केंद्र के आसपास के क्षेत्रों में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


समर कैंप के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण एवं नैतिक मूल्यों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया, जिससे उनमें एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच का विकास हो सके। साथ ही खेल-खेल में राजयोग का सहज अभ्यास भी कराया गया, जिसे बच्चों ने अत्यंत आनंद और उत्साह के साथ सीखा।
कैंप के दौरान ड्राइंग, पेंटिंग, क्राफ्टिंग, गीत, नाटक, कविता एवं विभिन्न मनोरंजक और शिक्षाप्रद गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने इन रचनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि आज के समय में बच्चों को केवल शैक्षणिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, आत्मिक शक्ति और सकारात्मक जीवन शैली की भी आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा गर्मी की छुट्टियों में ऐसे समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका बच्चों को भरपूर लाभ मिल रहा है।

समर कैंप के अंत में बच्चों एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी को भोग प्रसाद वितरित किया गया।
