प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बिजौर सेवा केंद्र द्वारा आयोजित बच्चों के समर कैंप का समापन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में समर कैंप में सहभागी बच्चों द्वारा आकर्षक नृत्य, प्रेरणादायक गीत एवं सुंदर कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित सभी अतिथियों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा बच्चों एवं उपस्थित जनसमुदाय को परमात्मा का सच्चा परिचय देते हुए आध्यात्मिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में बच्चों के माता-पिता सहित ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों एवं अनेक गणमान्यजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। जिसमें बिजौर ग्राम के नवधा रामायण समिति तथा समस्त धार्मिक संगोष्ठियों के मुख्य कर्ताधर्ता श्रीमान रामस्वरूप जी एवं उनके सहयोगी रामानंद जी, रामप्रसाद जी, रिंकू जी एवं ग्राम बिजौर के पुजारी नारायण जी उपस्थित रहे। उक्त कार्यक्रम में उपस्थित सभी दर्शकों ने कार्यक्रम की भव्यता एवं बच्चों की प्रतिभा का आनंद लिया।
समर कैंप के दौरान कराई गई विभिन्न रचनात्मक एवं नैतिक गतिविधियों के अनुभव भी बच्चों द्वारा साझा किए गए, जिससे उपस्थित अभिभावक अत्यंत प्रभावित हुए। कार्यक्रम में ग्राम के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान भी किया गया।



समापन समारोह की मुख्य कड़ी ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी राखी दीदी रहीं। उनके साथ ब्रह्माकुमारी सरोज दीदी, शिवी दीदी, खुशबू दीदी एवं शांता बहन ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। ब्रह्माकुमारी सरोज दीदी एवं शांता बहन द्वारा सभी को राजयोग मेडिटेशन का सुंदर अभ्यास भी कराया गया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
अंत में सभी को भोग-प्रसाद वितरित किया गया तथा समर कैंप में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। इस प्रकार यह समर कैंप समापन समारोह सफलतापूर्वक एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।
