
संस्कृतिक फाउंडेशन द्वारा 19 से 26 जुलाई तक राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक महोत्सव “हमर छत्तीसगढ़ – द कल्चर ऑफ आर्ट : कलाकारों के सपनों का मंच” का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने आयोजन की रूपरेखा साझा की।आयोजकों ने बताया कि इस महोत्सव का उद्देश्य देशभर, विशेषकर छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में डांस, सिंगिंग, म्यूजिक, इंस्ट्रुमेंटल, ड्राइंग-पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी, मॉडलिंग, ब्राइडल मेकअप, फैंसी ड्रेस, स्कूल एग्जीबिशन सहित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।उन्होंने बताया कि प्रतिभागियों को कैश प्राइज, ट्रॉफी, मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। साथ ही बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क आवास और भोजन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आर्थिक कारणों से कोई प्रतिभाशाली बच्चा इस मंच से वंचित न रहे।प्रेस वार्ता में आयोजकों ने शहरवासियों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि उनके घरों में कला के क्षेत्र में प्रतिभाशाली बच्चे हैं, तो उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें और इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को छिपाकर रखने के बजाय उन्हें उचित मंच मिलना चाहिए, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।संस्कृतिक फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश के कलाकारों का मंच है। बिलासपुर से शुरू हो रहा यह महोत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास है। आयोजकों ने कहा कि शहरवासियों के सहयोग से भविष्य में भी ऐसे बड़े आयोजन लगातार किए जाएंगे, ताकि बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलता रहे।
