बिलासपुर। शहर के अरपा पार क्षेत्र सरकंडा को अलग नगर निगम बनाने की मांग तेज हो गई है। नागरिक सुरक्षा मंच ने मांग पूरी कराने के लिए आंदोलन का ऐलान किया है। मंच के संयोजक अमित तिवारी 1 सितंबर से आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह जानकारी दी।
अमित तिवारी ने कहा कि वर्तमान में अरपा पार क्षेत्र नगर निगम के 22 वार्डों में फैला हुआ है। आबादी और क्षेत्रफल के लगातार विस्तार के साथ यहां शहरी सुविधाओं और विकास कार्यों की जरूरत भी बढ़ रही है। ऐसे में अरपा पार क्षेत्र के लिए अलग नगर निगम का गठन समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अलग नगर निगम बनने से क्षेत्र में विकास कार्यों की बेहतर योजना बन सकेगी और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में प्रशासनिक सुविधा होगी।
बाक्स
केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर को ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन के बाद केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय की ओर से छत्तीसगढ़ शासन को पत्र लिखकर अरपा पार क्षेत्र को अलग नगर निगम बनाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई और निराकरण करने को कहा गया है। इसके बावजूद अब तक मांग पर ठोस निर्णय नहीं होने से नागरिक सुरक्षा मंच ने आंदोलन का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है।
बाक्स
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
अमित तिवारी ने कहा कि अरपा पार क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से अलग नगर निगम की मांग कर रहे हैं। क्षेत्र की बढ़ती आबादी, विस्तार और विकास की आवश्यकताओं को देखते हुए सरकार को इस दिशा में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 सितंबर से शुरू होने वाला आमरण अनशन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा। मंच ने क्षेत्र के नागरिकों से आंदोलन में सहयोग और भागीदारी की अपील की है।
