संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार कलवानी ने बताया कि प्रदेश के साप्ताहिक समाचार पत्रों को 26 जनवरी, 15 अगस्त, राज्योत्सव सहित अन्य विशेष अवसरों पर एक-एक पृष्ठ का स्पेशल प्रदर्शन विज्ञापन अलग से दिए जाने की मांग को लेकर संगठन द्वारा शासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए थे। इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को भी मांग से अवगत कराया गया था।
कलवानी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा संगठन की मांगों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 4 अगस्त को इस संबंध में पुनः निवेदन भेजा गया था, जिस पर तत्काल पहल करते हुए कार्रवाई की गई। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के सहानुभूतिपूर्ण निर्णय के बाद 15 अगस्त के अवसर पर साप्ताहिक समाचार पत्रों के लिए एक पृष्ठ का स्पेशल प्रदर्शन विज्ञापन जारी किया गया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के छोटे और साप्ताहिक समाचार पत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। इससे स्थानीय एवं क्षेत्रीय पत्रकारिता को मजबूती मिलेगी तथा छोटे समाचार पत्रों को अपने समाचार और जनसरोकार के मुद्दों को निर्भीकता से सामने रखने में सहयोग मिलेगा।
राजकुमार कलवानी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि भविष्य में भी साप्ताहिक समाचार पत्रों के विकास, संवर्धन एवं संरक्षण के लिए सरकार का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक समाचार पत्र निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता के माध्यम से प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
इंडियन नेशनल स्मॉल न्यूज पेपर्स एलायंस फोरम “इंसाफ” छत्तीसगढ़ इकाई ने मुख्यमंत्री के इस निर्णय को प्रदेश के साप्ताहिक समाचार पत्रों के हित में सकारात्मक और स्वागतयोग्य कदम बताया है।
