
– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र स्थित एलबीटी इंटरनेशनल हायर सेकंडरी स्कूल के नाम और पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग कर फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि इस अकाउंट से अभद्र भाषा, गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणियां पोस्ट की जा रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के प्रिंसिपल ने कोटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
स्कूल से कोई संबंध नहीं होने का दावा
शिकायत में स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट का संस्थान अथवा स्कूल प्रबंधन से कोई संबंध नहीं है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूल के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट की जा रही है। इससे न केवल स्कूल की छवि प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि शिक्षकों की प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों में भ्रम की स्थिति
स्कूल के नाम से सोशल मीडिया अकाउंट संचालित होने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति बनने की बात भी प्रबंधन ने शिकायत में कही है। प्रबंधन का कहना है कि आपत्तिजनक पोस्ट के कारण संस्थान की प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है और स्कूल के प्रति लोगों में गलत धारणा बन सकती है।
तकनीकी जांच से खुलेगा फर्जी अकाउंट का राज
प्रिंसिपल की शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट के संचालन के पीछे मौजूद व्यक्ति की पहचान करने के लिए तकनीकी जांच कर रही है। सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, तकनीकी जानकारी और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए किसी संस्थान अथवा व्यक्ति की पहचान का कथित दुरुपयोग किए जाने के मामले ने स्कूल प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है। अब पुलिस की जांच से ही यह स्पष्ट होगा कि उक्त अकाउंट किसने बनाया और आपत्तिजनक पोस्ट के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था।
