–दुर्गाष्टमी पर होगा कन्या पूजन एवं कन्या भोज
भीलवाड़ा। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन के सानिध्य में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। नवरात्रि के प्रथम दिन 11 अक्टूबर 2026, रविवार से आश्रम में प्रतिदिन प्रातः गणपति एवं मां दुर्गा का अभिषेक, मंडल पूजन, हवन-यज्ञ तथा तीन ब्राह्मणों द्वारा नवचंडी एवं दुर्गा सप्तशती के पाठ संपादित किए जा रहे हैं। धार्मिक अनुष्ठानों से आश्रम का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन ने बताया कि नवरात्रि सनातन धर्म का प्रमुख एवं पवित्र पर्व है। इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की आराधना की जाती है। नवरात्रि शक्ति, भक्ति और साधना का पर्व है, जो श्रद्धालुओं को धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि नवरात्रि को देवी दुर्गा द्वारा महिषासुर के वध तथा भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के प्रतीक पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। वर्ष में चार नवरात्रियां आती हैं, जिनमें चैत्र और शारदीय नवरात्रि प्रमुख हैं, जबकि माघ और आषाढ़ मास में गुप्त नवरात्रि मनाई जाती है।
*दुर्गाष्टमी पर विशेष हवन, पूर्णाहुति और कन्या पूजन*
आश्रम में 19 अक्टूबर 2026, सोमवार को दुर्गाष्टमी के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिन प्रातः गणपति एवं देवी शक्ति का पूजन-अभिषेक तथा विशेष सामग्री से दुर्गा हवन-यज्ञ होगा। सायं 4:15 बजे पूर्णाहुति एवं आरती की जाएगी। इसके पश्चात सायं 5:15 बजे कन्या पूजन और कन्या भोज का आयोजन होगा। आश्रम में आयोजित इन धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना, सनातन संस्कृति के संरक्षण तथा धर्म और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार का संदेश दिया जा रहा है।
