
बिलासपुर। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। रंग-बिरंगी रोशनी, मिठाइयों और आतिशबाजी के बीच दिवाली का उत्साह बच्चों से लेकर युवाओं तक में देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में बिलासपुर के मेडिकल कॉलेज के पीछे रिवरयू रोड पर दीपावली के लिए पटाखा बाजार सजाया जा रहा है। यहां टेंट लगाकर कुल 136 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। दुकानों का आवंटन नंबर सहित समिति द्वारा लॉटरी के माध्यम से किया गया है।इस बार सभी पटाखा दुकानें एक ही स्थान पर लगाए जाने की तैयारी है, जिससे ग्राहकों को एक ही बाजार में विभिन्न प्रकार के पटाखे खरीदने की सुविधा मिलेगी। दुकानों के आवंटन के बाद व्यापारियों में उत्साह का माहौल है। वहीं, बदलते मौसम ने उनकी चिंता भी बढ़ा दी है।मौसम ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंतापटाखा कारोबारियों ने दीपावली को देखते हुए लाखों रुपये का माल खरीदकर स्टॉक कर लिया है। ऐसे में मौसम खराब रहने और बारिश होने की आशंका से व्यापारियों को नुकसान का डर सता रहा है। उनका कहना है कि यदि अगले दो दिनों तक मौसम साफ नहीं हुआ, तो दुकानें तैयार करने और पटाखों की बिक्री शुरू करने में परेशानी हो सकती है। दीपावली के इस महत्वपूर्ण कारोबार में मौसम की भूमिका काफी अहम है।1 नवंबर से शुरू होगा पटाखा बाजारसमिति के संरक्षक भागचंद पंजवानी ने बताया कि इस बार सभी दुकानें एक ही स्थान पर व्यवस्थित रूप से लगाई जा रही हैं। समिति के सदस्यों के लिए लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया गया है। उन्होंने बताया कि पटाखा बाजार 1 नवंबर से शुरू हो जाएगा। इससे ग्राहकों को एक ही स्थान पर पहुंचकर अपनी पसंद के पटाखे खरीदने में आसानी होगी।ग्राहकों को आकर्षक दरों पर पटाखे मिलने की उम्मीद, समिति ने बिलासपुर की जनता से अपील की है कि दीपावली की खरीदारी के लिए अधिक से अधिक संख्या में रिवरयू रोड स्थित पटाखा बाजार पहुंचें। यहां ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के पटाखे और आकर्षक दरों पर खरीदारी का अवसर मिलने की उम्मीद है। एक ही स्थान पर सभी दुकानें होने से लोगों को अलग-अलग जगह भटकने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।साफ-सफाई, बिजली, पानी और सुरक्षा की मांगपटाखा बाजार में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए समिति ने शासन-प्रशासन से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में साफ-सफाई, पेयजल, बिजली और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था होनी चाहिए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जवानों की तैनाती से ग्राहकों और व्यापारियों, दोनों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करेगा, ताकि परिवार के साथ आने वाले लोग सुरक्षित माहौल में पटाखों की खरीदारी कर सकें और अपने घरों में हर्षोउल्लास के साथ दीपावली मना सकें।अब व्यापारियों को बाजार शुरू होने और मौसम साफ होने का इंतजार है। यदि मौसम ने साथ दिया और व्यवस्थाएं समय पर पूरी हो गईं, तो रिवरयू रोड का यह पटाखा बाजार दीपावली की खरीदारी के लिए शहरवासियों का प्रमुख केंद्र बन सकता है।
