विजय की ✒ कलम

संपादकीय | विजय दुसेजाबिलासपुर प्रेस क्लब आखिर किस दिशा में जा रहा है? क्या यह पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मंच बना रहेगा या फिर यहां कुछ लोगों की मनमानी और दबाव की राजनीति चलेगी? यह सवाल आज केवल एक पत्रकार का नहीं, बल्कि बिलासपुर के उन तमाम पत्रकारों का है, जो प्रेस क्लब की गरिमा, प्रतिष्ठा और एकता को सर्वोपरि मानते हैं।बिलासपुर प्रेस क्लब के इतिहास में पिछले एक वर्ष के दौरान जिस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, उन्होंने इस प्रतिष्ठित संस्था की छवि और कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कभी आपसी विवाद, कभी आरोप-प्रत्यारोप, कभी थाना-कचहरी तक पहुंचते मामले और अब प्रेस क्लब परिसर में ही पत्रकारों के बीच विवाद और कथित दुर्व्यवहार की घटनाएं। आखिर यह सब किस ओर इशारा कर रहा है?क्या हमारे वरिष्ठ पत्रकारों ने प्रेस क्लब की नींव इसलिए रखी थी कि आने वाली पीढ़ियां यहां ऐसी परिस्थितियां देखें? जिस संस्था को पत्रकारों की आवाज बुलंद करने का मंच होना चाहिए, यदि उसी परिसर में पत्रकार अपनी बात रखने से डरने लगें, तो इससे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति और क्या हो सकती है?सवाल पूछना अपराध नहीं, पत्रकार का अधिकार है।हाल ही में दीपावली के पूर्व प्रेस क्लब के एक ग्रुप में मैंने एक सूची साझा की थी और अध्यक्ष महोदय से केवल इतना सवाल पूछा था कि क्या यह सूची उनके द्वारा तैयार की गई है? यदि हां, तो इसमें वरिष्ठ पत्रकारों के नाम क्यों शामिल नहीं हैं और यदि यह सूची उनके द्वारा नहीं बनाई गई है, तो वे स्पष्ट कर दें।मेरा उद्देश्य किसी का अपमान करना या विवाद खड़ा करना नहीं था। मैं केवल सच्चाई जानना चाहता था। वह सूची पहले से ही कई लोगों और ग्रुपों में प्रसारित हो चुकी थी। मैंने उसे सार्वजनिक चर्चा के लिए इसलिए रखा, क्योंकि प्रेस क्लब हमारा साझा परिवार है। परिवार के भीतर किसी विषय पर सवाल पूछना गलत कैसे हो सकता है?यदि किसी को सूची से आपत्ति थी तो उस पर चर्चा हो सकती थी। यदि कोई गलती थी तो उसे सुधारा जा सकता था। लेकिन एक सवाल को इतना बड़ा विवाद बना देना और उसके बाद जिस तरह का व्यवहार सामने आया, वह निश्चित रूप से चिंताजनक है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद मेरे साथ हुए कथित दुर्व्यवहार और घटनाक्रम ने मुझे भीतर तक आहत किया है। यह मामला केवल मेरा व्यक्तिगत मामला नहीं है। यह हर उस पत्रकार के अधिकार और सम्मान से जुड़ा है, जो किसी संस्था के भीतर गलत बात पर सवाल उठाने का साहस रखता है।प्रेस क्लब कोई अखाड़ा नहीं, पत्रकारों का सम्मानित संस्थान है।पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और प्रेस क्लब पत्रकारों के लिए एक ऐसा साझा मंच है, जहां विचारों की स्वतंत्रता, आपसी सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षण होना चाहिए। यहां आने वाला प्रत्येक सदस्य अपने व्यवहार, भाषा और आचरण से संस्था की प्रतिष्ठा बढ़ाए, न कि उसे विवादों में धकेले।आज दुर्भाग्य से ऐसा माहौल बनता दिखाई दे रहा है, जहां पद और अधिकार को सेवा का माध्यम बनाने के बजाय कुछ लोग उसे अपनी ताकत समझने लगे हैं। कुर्सी की लालसा, पद का अहंकार और अपनी बात मनवाने की जिद किसी भी संगठन को कमजोर कर सकती है।अध्यक्ष का पद दो वर्षों के लिए होता है। आज कोई अध्यक्ष है, कल कोई दूसरा होगा। पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन आपसी संबंध, सम्मान और व्यवहार जीवनभर साथ रहते हैं। इसलिए पद को स्थायी प्रतिष्ठा समझने की भूल नहीं करनी चाहिए।मैं पिछले 22 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। इस दौरान हमेशा पत्रकारों के हित, सम्मान और अधिकारों की बात करता आया हूं। चाहे सामाजिक कार्यक्रम हों, धार्मिक आयोजन हों, व्यापारिक गतिविधियां हों या पत्रकारों से जुड़े विषय, मैंने अपनी कलम से हमेशा सकारात्मक और ईमानदार प्रयास किया है।मैं किसी सत्ता पक्ष या विपक्ष का प्रतिनिधि नहीं हूं। मेरे लिए प्रेस क्लब का प्रत्येक सदस्य सम्माननीय है। लेकिन इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं कि गलत बात पर चुप रहा जाए। गलत को गलत कहना मेरी पत्रकारिता का हिस्सा है और आगे भी रहेगा।वरिष्ठ पत्रकारों का सम्मान घटेगा तो संस्था की नींव कमजोर होगी।आज कई वरिष्ठ पत्रकारों को भी प्रेस क्लब के वातावरण और लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखकर असहजता महसूस हो रही है। जिन वरिष्ठजनों के अनुभव और मार्गदर्शन से इस संस्था की पहचान बनी, यदि वही लोग प्रेस क्लब आने से पहले सोचने लगें, तो यह सभी के लिए आत्ममंथन का विषय है।वरिष्ठ पत्रकार किसी भी संस्था की धरोहर होते हैं। उनके अनुभव, संघर्ष और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी सीखती है। उन्हें सम्मान देना किसी पर एहसान नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है।प्रेस क्लब में ऐसे पत्रकारों को आगे आना चाहिए, जिनकी पहचान उनके काम, ईमानदारी, व्यवहार और पत्रकारिता के प्रति समर्पण से हो। सदस्यता और पद की गरिमा को समझना भी उतना ही जरूरी है। किसी भी संस्था की सदस्यता केवल संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि उसकी प्रतिष्ठा और उद्देश्य को मजबूत करने के लिए होनी चाहिए।रायपुर की घटना के बाद अब बिलासपुर पर सवाल क्यों?कुछ समय पहले रायपुर प्रेस क्लब में गोली चलने की घटना चर्चा में रही थी। उस समय मैंने अपनी कलम से पत्रकार संगठनों के भीतर बढ़ते विवादों और बिगड़ते माहौल पर चिंता जाहिर की थी। आज बिलासपुर प्रेस क्लब में सामने आए घटनाक्रम ने एक बार फिर उन सवालों को जीवंत कर दिया है।क्या पत्रकारों के संगठन भी अब आपसी विवाद, गुटबाजी और शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बनते जा रहे हैं? यदि ऐसा है तो यह पत्रकारिता के भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है।प्रेस क्लब की पहचान किसी एक अध्यक्ष, कार्यकारिणी या गुट से नहीं होती। इसकी पहचान उसके सभी सदस्यों से होती है। यहां किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समुदाय की आवाज होनी चाहिए।अब समय है आत्ममंथन और आम बैठक का।मैं वर्तमान अध्यक्ष, कार्यकारी समिति, पूर्व अध्यक्षों और सभी वरिष्ठ पत्रकारों से आग्रह करना चाहता हूं कि अब समय आ गया है कि सभी एक साथ बैठें और गंभीरता से विचार करें।एक आम बैठक बुलाई जाए, जिसमें सभी सदस्यों को अपनी बात रखने का अवसर मिले। वरिष्ठ पत्रकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए, क्योंकि उनका अनुभव और मार्गदर्शन इस समय बेहद महत्वपूर्ण है।बैठक में यह तय होना चाहिए कि प्रेस क्लब को किस दिशा में ले जाना है, उसकी गरिमा कैसे बहाल करनी है, सदस्यों के बीच संवाद कैसे बढ़ाना है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाने हैं।यदि किसी सदस्य से गलती हुई है तो निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। किसी को भी केवल सवाल पूछने या असहमति जताने के कारण निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। साथ ही, हर सदस्य को भी अपने व्यवहार और भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।कुर्सी नहीं, सेवा बड़ी होती है।मेरा हमेशा से मानना रहा है कि किसी संस्था की सेवा करने के लिए पद पर बैठना जरूरी नहीं है। बिना पद के भी बहुत कुछ किया जा सकता है। यदि आज कोई अध्यक्ष है तो कल कोई दूसरा होगा। सभी को अवसर मिलना चाहिए। चुनाव की नौबत आने से पहले भी आपसी सहमति और संवाद से रास्ता निकाला जा सकता है।एक परिवार में चार लोग होते हैं तो उनकी पसंद और विचार अलग-अलग हो सकते हैं। इसका अर्थ यह नहीं कि मतभेद होने पर परिवार को ही बांट दिया जाए। आज एक की पसंद का भोजन बनेगा, कल दूसरे की पसंद का। परिवार प्रेम, विश्वास और समझदारी से चलता है, दबाव और अहंकार से नहीं।ठीक इसी तरह प्रेस क्लब भी एक परिवार है। यहां विचारों में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद और आपसी दुश्मनी नहीं होनी चाहिए।मैं उन सभी लोगों से भी कहना चाहता हूं, जिनके व्यवहार से मुझे ठेस पहुंची है, वे एक बार आत्ममंथन जरूर करें। क्या मैंने कभी उनके सम्मान में कमी की? क्या मैंने कभी जानबूझकर किसी का अपमान किया? यदि किसी को मुझसे शिकायत है तो वह सामने बैठकर बात करे। बातचीत से हर समस्या का समाधान निकल सकता है, लेकिन दबाव और दुर्व्यवहार से केवल दूरियां बढ़ती हैं।मेरी कलम कल भी सच के साथ थी, आज भी है और आगे भी रहेगी।मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि किसी घटना या दबाव से मेरी आवाज बंद नहीं होगी। मैंने हमेशा पत्रकारों के हित और प्रेस क्लब के सम्मान की बात की है और आगे भी करता रहूंगा। मेरा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि उस व्यवस्था और सोच का विरोध करना है, जिससे संस्था की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है।मेरे लिए बिलासपुर प्रेस क्लब केवल एक भवन नहीं, बल्कि पत्रकारिता का एक सम्मानित मंदिर है। मैं चाहता हूं कि यहां अच्छे विचारों वाले, ईमानदार, कर्मठ और पत्रकारिता के प्रति समर्पित लोग आएं। यहां आने वाली नई पीढ़ी को ऐसा वातावरण मिले, जहां उसे पत्रकारिता के संस्कार, वरिष्ठों का सम्मान और सच के लिए खड़े होने की प्रेरणा मिले।आज जरूरत किसी को नीचा दिखाने की नहीं, बल्कि सभी को साथ लेकर चलने की है। जरूरत गुट बनाने की नहीं, बल्कि एकजुट होने की है। जरूरत पद की राजनीति की नहीं, बल्कि पत्रकारों के अधिकार और सम्मान की है।अंत में वर्तमान अध्यक्ष, कार्यकारिणी, पूर्व अध्यक्षों और सभी वरिष्ठ पत्रकारों से फिर आग्रह है कि अभी भी समय है। मिल-बैठकर रास्ता निकालिए। प्रेस क्लब की गरिमा को वापस स्थापित कीजिए। विवादों का अंत कीजिए और ऐसी व्यवस्था बनाइए, जहां हर पत्रकार सम्मान के साथ अपनी बात रख सके।क्योंकि जब संस्था का मान-सम्मान बढ़ेगा, तभी उसके सदस्यों का सम्मान भी बढ़ेगा। यदि हम सब मिलकर इसे एक आदर्श मंच बनाएंगे, तो आने वाली पीढ़ियां भी गर्व से कहेंगी कि हमारे वरिष्ठों ने हमें एक शानदार प्रेस क्लब विरासत में दिया है।याद रखिए, पद दो साल के लिए होता है, लेकिन व्यवहार और संबंध जिंदगीभर के लिए होते हैं।अब फैसला हम सभी को करना है कि बिलासपुर प्रेस क्लब को आपसी प्रेम, विश्वास, ईमानदारी और पत्रकारिता के मूल्यों से आगे बढ़ाना है या फिर विवादों और गुटबाजी में उलझाए रखना है?मेरी कलम पत्रकारों के हित में कल भी चलती थी, आज भी चल रही है और आगे भी चलती रहेगी।क्योंकि मैं पद का नहीं, पत्रकारिता के सम्मान का पक्षधर हूं।— विजय दुसेजा संपादक,
हमर संगवारी
बिलासपुर, छत्तीसगढ़
