
बिलासपुर /चक्करभाटा :- कार्तिक कथा के समापन अवसर पर बाबा आनंद राम उदासी आश्रम में भक्ति, आध्यात्मिकता और सेवा के साथ जीवों के प्रति करुणा एवं शाकाहार का प्रेरणादायी संदेश साझा किया गया। साधु वासवानी सेंटर बिलासपुर की ओर से डॉ. अभिषेक कलवानी ने 25 नवंबर को पूज्य साधु टी.एल. वासवानी जी के Meatless Day (शाकाहार दिवस) के प्रेमपूर्ण संदेश को संगत के समक्ष रखा।इस अवसर पर पूज्य बाबा भगत राम जी की दिव्य कृपा तथा साईं बलराम भैयाजी (एकादशी वाले) एवं साईं कृष्णदास जी की पावन उपस्थिति में डॉ. अभिषेक कलवानी ने भोजन के चुनाव में विवेक, संवेदनशीलता और करुणा अपनाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने भोजन का चुनाव स्वयं करना चाहिए। कई बार मन मांसाहार की इच्छा कर सकता है, लेकिन यदि हम एक पल रुककर आत्मचिंतन करें कि क्या यह भोजन हमारे लिए उचित है और उस जीव के लिए क्या, जिसका जीवन हमने अपने भोजन के लिए लिया है, तो हमारा मन करुणा और अहिंसा की ओर प्रेरित हो सकता है। उन्होंने जीवों के प्रति दया, प्रेम और संवेदनशीलता अपनाते हुए मांसाहार से बचने का संदेश दिया।डॉ. अभिषेक कलवानी ने पूज्य साधु टी.एल. वासवानी जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि शाकाहार केवल भोजन की आदत नहीं, बल्कि प्रेम, करुणा, अहिंसा और जीवों के प्रति सम्मान का भाव है। उनके संदेश को आत्मसात कर मानवता और जीवदया के मार्ग पर आगे बढ़ना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।साधु वासवानी सेंटर बिलासपुर की ओर से बाबा आनंद राम उदासी आश्रम के संतों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया गया। बिना पूर्व सूचना पहुंचने पर भी संतों ने प्रेमपूर्वक समय दिया और इस पावन संदेश को साझा करने का अवसर प्रदान किया। संतों का स्नेह, आशीर्वाद एवं सहयोग संस्था के लिए अनमोल बताया गया।कार्यक्रम में संतों के आशीर्वाद के साथ शाकाहार, प्रेम, करुणा और जीवदया का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
