मेघालय के शिलांग में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड, जिसे “ऑपरेशन हनीमून” के नाम से जाना गया, में सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि सोनम रघुवंशी ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर अपने पति राजा की हत्या की साजिश रची थी। राज कुशवाहा ने विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने कबूल किया कि उसने सतना, मध्य प्रदेश से पिस्तौल खरीदी थी, जिसका इस्तेमाल राजा को मारने की योजना में किया जाना था। सोनम ने राजा से सगाई के तुरंत बाद ही उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश शुरू कर दी थी। इस साजिश में गोली मारने की योजना थी, जिसके लिए हथियार की व्यवस्था की गई थी। एसआईटी ने यह जानकारी इंदौर की अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) के साथ भी साझा की है। उत्तर प्रदेश की सीमा से जुड़े हुए सतना जिले का अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री में शामिल होना भी इस मामले में एक अहम पहलू है, जिसकी पुलिस गहन जांच कर रही है। आगे की पूछताछ और क्राइम सीन रीक्रिएशन से और खुलासे होने की उम्मीद है। हालांकि सतना पुलिस से अभी तक कोई भी जांच एजेंसी ने इस मामले में संपर्क नहीं किया है।