जशपुर : छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले जशपुर के पांच होनहार आदिवासी युवाओं ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति, कठिन परिश्रम और साहस के दम पर पर्वतारोहण एवं साहसिक खेलों के क्षेत्र में एक नई और गौरवशाली पहचान बनाई है। सुदूर ग्रामीण परिवेश से निकलकर अब ये युवा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित रॉक क्लाइंबिंग गाइड बनने की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। इस दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुये अमेरिका की प्रतिष्ठित पर्वतारोहण संस्था पीसीजीआई (PCGI – Professional Climbing Guides Institute) ने इन पांचों युवाओं को विशेष एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिये चुना है। यह महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी दिसंबर माह में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में आयोजित किया जायेगा, जहां इन युवाओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप तराशा जायेगा।
बेंगलुरु में सीखेंगे क्लाइंबिंग की बारीकियां और सुरक्षा के गुर :

बेंगलुरु में आयोजित होने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में जशपुर के तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह हिस्सा लेंगे। इस गहन प्रशिक्षण के दौरान अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा इन्हें दुर्गम पहाड़ों और खड़ी चट्टानों पर चढ़ाई करने की आधुनिक तकनीकों, रस्सियों के सुरक्षित उपयोग, आपातकालीन बचाव कार्यों और जोखिम प्रबंधन से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा। इस कठिन परीक्षा और प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण करने के पश्चात, इनमें से चार युवाओं को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का लेवल-1 प्रमाणन तथा एक युवा को उच्च स्तरीय लेवल-2 का प्रमाणन प्राप्त हो सकता है। यह प्रमाणन इन युवाओं के लिये वैश्विक स्तर पर रोजगार के नये द्वार खोलेगा।
5,340 मीटर ऊंची चोटी पर दिखा चुके हैं दम, बनाया था ‘विष्णु देव रूट’ :
इन पांचों आदिवासी युवाओं की यह सफलता अचानक नहीं मिली है, बल्कि इसके पीछे वर्षों का कड़ा अभ्यास और साहस छिपा है। इससे पूर्व वर्ष 2025 में इन युवाओं ने हिमाचल प्रदेश की दुर्गम हिमालयी पर्वत श्रृंखला में स्थित जगत्सुख-1 शिखर पर 5,340 मीटर की ऊंचाई तक सफल चढ़ाई कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। उस अभियान के दौरान इन युवाओं ने पर्वत के शिखर तक पहुंचने के लिये एक बिल्कुल नया और चुनौतीपूर्ण रास्ता खोज कर तैयार किया था। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को सम्मान देते हुये और राज्य के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुये, इन युवाओं ने इस नव-निर्मित पर्वतारोहण मार्ग का नाम छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम पर ‘विष्णु देव रूट’ रखा था, जिसकी पूरे प्रदेश में भूरी-भूरी प्रशंसा हुई थी।
जशपुर में एडवेंचर टूरिज्म और स्थानीय रोजगार को मिलेगी नई पहचान :

जशपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, विशाल पहाड़ियां और घने जंगल साहसिक पर्यटन के लिये अत्यंत अनुकूल हैं। इसी संभावना को देखते हुये जिले में वर्ष 2024 से स्थानीय युवाओं को पर्वतारोहण और रॉक क्लाइंबिंग जैसे साहसिक खेलों से जोड़ने का संगठित प्रयास प्रारंभ किया गया था। इस मुहिम में ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ संस्था के निरंतर प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और उचित मार्गदर्शन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिससे स्थानीय युवाओं ने इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी दक्षता और आत्मविश्वास को बढ़ाया।
अंतर्राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त करने के पश्चात ये पांचों युवा एक पेशेवर रॉक क्लाइंबिंग गाइड और प्रशिक्षक के रूप में कार्य करने के लिये पूरी तरह सक्षम हो जायेंगे। इससे न केवल वे स्वयं आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि जिले के अन्य युवाओं को भी प्रशिक्षण दे सकेंगे। विशेषज्ञों का मानना है कि इन युवाओं की इस उपलब्धि से जशपुर जिले में एडवेंचर टूरिज्म (साहसिक पर्यटन) को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी, जिससे क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नये अवसरों का भी सृजन होगा।
