रायपुर : धरसींवा क्षेत्र के ग्राम बंगोली स्थित 115 साल पुराने पेंड्रावन जलाशय के संरक्षण को लेकर अब पहल तेज हो गई है। जलाशय को बचाने और किसानों के हितों की रक्षा के लिये विधायक अनुज शर्मा किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिले। मुलाकात के दौरान जलाशय के ऐतिहासिक महत्व, उसकी मौजूदा स्थिति और क्षेत्र के किसानों की समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया।
खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिये अहम जलाशय :

इसको लेकर विधायक अनुज शर्मा ने पेंड्रावन जलाशय को क्षेत्र की कृषि व्यवस्था का प्रमुख आधार बताते हुए कहा कि इससे हजारों किसान सिंचाई के लिये पानी प्राप्त करते हैं। जलाशय भूजल स्तर बनाये रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसका अस्तित्व प्रभावित होने से खेती, पर्यावरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है।
सिंचाई के साथ पेयजल संकट की भी चिंता :
किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सामने जलाशय से जुड़ी जमीनी समस्यायें रखीं। उन्होंने कहा कि जलाशय के सुरक्षित नहीं रहने से आसपास के गांवों में सिंचाई के साथ पेयजल संकट भी गहरा सकता है। किसान लंबे समय से इस ऐतिहासिक जलस्रोत को बचाने की मांग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री साय ने दिया उचित निर्णय का भरोसा :
इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों और विधायक की बातों को गंभीरता से सुना। उन्होंने जलाशय के महत्व और किसानों की चिंताओं को जायज बताते हुए इस मामले में सकारात्मक सोच के साथ जल्द उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। सरकार ने जल संरक्षण और किसानों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता भी जताई।
किसान प्रतिनिधियों में उम्मीद :

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद किसान प्रतिनिधियों में उम्मीद जगी है। विधायक अनुज शर्मा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जलाशय के संरक्षण के लिये ठोस कदम उठाये जाने की उम्मीद है। मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल सहित किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारी और अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
