अंबिकापुर : सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लीचीरमा में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मामूली पारिवारिक विवाद ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। यहाँ एक दम्पत्ति की असमय मौत हो गई है। पहले पत्नी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिसके बाद सदमे और तनाव में आकर पति ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही पत्नी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एक ही घर से दो अर्थियां उठने की इस घटना के बाद पूरे ग्राम लीचीरमा में गहरा शोक और मातम का माहौल व्याप्त है।

16 नवंबर को पत्नी ने किया था जहर सेवन :
पुलिस एवं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 16 नवंबर को हुई थी। ग्राम लीचीरमा निवासी सुखमनिया ने अज्ञात कारणों के चलते घर में रखे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उल्टियां होने लगीं, तब परिजनों को इस बात की भनक लगी। आनन-फानन में परिजन उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिये अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी और चिकित्सक उसे बचाने का हरसंभव प्रयास कर रहे थे। इस दौरान परिजन उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाये बैठे थे और अस्पताल में उसकी देखरेख में जुटे हुए थे।
पत्नी अस्पताल में भर्ती, पति ने घर में लगाई फांसी :

एक तरफ जहां सुखमनिया अस्पताल में जीवन के लिये संघर्ष कर रही थी, वहीं दूसरी तरफ घर पर मौजूद उसके पति साखी राम ने एक खौफनाक कदम उठा लिया। पत्नी के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान, घर में अकेलेपन और मानसिक तनाव के बीच साखी राम ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को साखी राम के इस आत्मघाती कदम की जानकारी मिली, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में चीख-पुकार मच गई। प्रारंभिक तौर पर यह बात सामने आ रही है कि इस घटना से ठीक पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ था, जिसके चलते दोनों ने यह आत्मघाती रास्ता चुना।
शराब पीने और काम नहीं करने को लेकर हुआ था विवाद :
इस पूरे मामले में मृतक दम्पत्ति के बेटे का बयान सामने आया है। बेटे के मुताबिक, घर में शराब पीने की आदत और काम-धंधा नहीं करने की बात को लेकर अक्सर पति-पत्नी के बीच कहासुनी होती रहती थी। घटना वाले दिन भी इसी विषय को लेकर दोनों के बीच काफी विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि इसी कलह से आहत होकर पहले पत्नी ने जहर खाया और फिर पत्नी की गंभीर हालत देख घबराहट या ग्लानि में पति ने फांसी लगा ली। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाओं के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों और आत्महत्या के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि विस्तृत जांच और परिजनों के बयान दर्ज किये जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
उपचार के दौरान पत्नी ने भी तोड़ा दम :
पति की मौत का गम परिवार अभी सहन भी नहीं कर पाया था कि एक और बुरी खबर ने उन्हें झकझोर कर रख दिया। अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में सघन उपचार करा रही सुखमनिया की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह महज कुछ ही दिनों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की जान चली गई। इस दोहरी मौत से मृतक दम्पत्ति के बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर शव परिजनों को सौंप दिये हैं। इस दुखद घटना के बाद से ग्राम लीचीरमा में शोक की लहर दौड़ गई है और हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध है।
