बिलासपुर। थाना मस्तूरी क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों के विरुद्ध मस्तूरी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 52 पत्ती ताश पर पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे सात आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹10,100 नगद राशि एवं 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 17/2026, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिलेभर में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी, पेट्रोलिंग एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।
इसी क्रम में दिनांक 08 जनवरी 2026 को थाना मस्तूरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लावर तालाब के पास कुछ लोग 52 पत्ती ताश से पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी, जहां मौके से सात जुआरी जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
गिरफ्तार आरोपियों में लखेश्वर साहू, देवेंद्र सोनी, भरत जायसवाल, रामकुमार केंवट, पोला राम, फेकूराम साहू एवं राजू साहू शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए जुआ सामग्री एवं नगदी जब्त की गई है।
मस्तूरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देकर सहयोग करें।