शादी का झांसा देकर भगाने के बाद किया शारीरिक शोषण, पीड़िता सुरक्षित बरामद
बिलासपुर/रतनपुर।
थाना रतनपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने एवं उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 04 जनवरी 2026 को पीड़िता की मां द्वारा थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी नाबालिग पुत्री को दिनांक 31 दिसंबर 2025 को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया है। रिपोर्ट के आधार पर थाना रतनपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी रतनपुर द्वारा उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया एवं प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत आरोपी एवं नाबालिग की पतासाजी हेतु विशेष टीम गठित की गई।
घेराबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि अजय सिंह राजपूत, निवासी बछालीखुर्द, थाना रतनपुर, द्वारा नाबालिग को भगाकर ले जाया गया है। सूचना के आधार पर आरोपी के सकुनत पर घेराबंदी कर उसे पकड़ा गया तथा पीड़िता को सुरक्षित बरामद किया गया।
पूछताछ में अपराध स्वीकार
पीड़िता से पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाया एवं उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
अजय सिंह राजपूत,
पिता – गुरूदेव सिंह राजपूत
उम्र – 25 वर्ष
निवासी – बछालीखुर्द, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.)
इनका रहा विशेष योगदान
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सउनि दिनेश तिवारी, आरक्षक राजेन्द्र साहू, महिला आरक्षक स्वाती बंजारे एवं अनिषा कश्यप का विशेष योगदान रहा।