बिलासपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में बिलासपुर पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर संयुक्त निरीक्षण एवं रेड कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई थाना तारबाहर, सिविल लाइन, सरकंडा एवं चकरभाठा थाना क्षेत्रों में स्थित विभिन्न वेयरहाउस एवं गोदामों में की गई।
ई-कॉमर्स कंपनियों के गोदामों की जांच
पुलिस टीम द्वारा उन वेयरहाउसों का निरीक्षण किया गया, जहाँ ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों एवं बड़े रिटेल स्टोर्स का सामान संग्रहीत किया जाता है। जांच के दायरे में प्रमुख रूप से Blue Dart, E-Cart, Amazon, Flipkart, Meesho, Blinkit सहित अन्य बड़े रिटेल स्टोर्स के गोदाम शामिल रहे।


चाकू बरामद, जांच जारी
निरीक्षण के दौरान कुछ वेयरहाउसों में चाकू (Knife) पाए गए, जिन्हें पुलिस द्वारा जप्त कर लिया गया। इस संबंध में आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उक्त वस्तुएँ किसी आपराधिक उद्देश्य से ऑनलाइन क्रय-विक्रय तो नहीं की जा रही थीं।
वेयरहाउस प्रबंधकों को तलब, स्पष्ट निर्देश
कार्रवाई उपरांत संबंधित सभी वेयरहाउस प्रबंधकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बिलासपुर में तलब किया गया। उन्हें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि जिले में ऑनलाइन माध्यम से चाकू एवं अन्य प्रतिबंधित धारदार हथियारों की खरीद-फरोख्त पूर्णतः प्रतिबंधित है।
भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि भविष्य में यदि इस प्रकार की किसी भी अवैधानिक गतिविधि की जानकारी सामने आती है, तो संबंधित वेयरहाउस अथवा कंपनी के जिम्मेदार प्रबंधकों के विरुद्ध विधि अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरंतर जारी रहेगी निगरानी
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैधानिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु ऐसी जांच एवं निगरानी आगे भी निरंतर जारी रहेगी।