बिलासपुर, 18 जनवरी 2026। राष्ट्रीय राजमार्ग पर लूटपाट कर ट्रक हेल्पर की हत्या करने वाले गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 अगस्त 2025 को कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी ट्रक चालक राज सिंह अपने हेल्पर पारस केंवट के साथ सीमेंट लोड कर मनेन्द्रगढ़ जा रहा था। सुबह लगभग 4.30 बजे गतौरी के पास अज्ञात आरोपियों ने ट्रक का टायर पंचर कर मोटर सायकल से पहुंचकर चाकू दिखाकर नगदी 6000 रुपये एवं मोबाइल फोन लूट लिया। घटना का विरोध करने पर आरोपियों ने हेल्पर पारस केंवट पर धारदार चाकू से हमला किया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोनी में अपराध क्रमांक 17/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर ए.सी.सी.यू. (सायबर सेल) बिलासपुर एवं थाना कोनी की संयुक्त टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने घटना स्थल एवं आसपास के लगभग 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय सूचना तंत्र के आधार पर संदेही जय दिवाकर से पूछताछ की गई, जिसने अपने साथियों सूरज साहू एवं प्रदीप धुरी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने कोनी थाना क्षेत्र के अतिरिक्त हिर्री एवं चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी ट्रक चालकों से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया है। आरोपी पूर्व में भी लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटर सायकल (कीमत लगभग 2 लाख रुपये), रेडमी मोबाइल फोन, तीन धारदार लोहे के चाकू, नगदी रकम एवं लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में


जय दिवाकर (20 वर्ष), सूरज साहू (20 वर्ष) एवं प्रदीप धुरी (19 वर्ष) — तीनों निवासी तिफरा थाना सिरगिट्टी जिला बिलासपुर शामिल हैं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/एसीसीयू श्री अनुज कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.), थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक भावेश सेण्डे, एसीसीयू प्रभारी उप निरीक्षक हेमन्त आदित्य सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। इस सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।