200 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर बिलासपुर पुलिस ने 3 बदमाशों को दबोचा
बिलासपुर, 18 जनवरी 2026। देशी कट्टा दिखाकर पेट्रोल पंप में लूटपाट करने वाले अंतरजिला गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एसीसीयू (सायबर सेल) एवं थाना रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जनवरी 2026 को ग्राम जाली स्थित बीबी पेट्रोल पंप में रात्रि करीब 11 बजे पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे तीन अज्ञात युवकों ने 1000 रुपये का पेट्रोल भरवाया। पैसे मांगने पर आरोपियों ने रिवॉल्वरनुमा हथियार दिखाकर सेल्समैन बसंत कुमार कैवर्त को डरा-धमकाकर लगभग 15 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू एवं थाना रतनपुर की टीम ने जांच के दौरान घटना स्थल एवं आसपास के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
तकनीकी इनपुट एवं स्थानीय सूचना के आधार पर संदेही वेद प्रकाश वैष्णव उर्फ निलेश वैष्णव एवं उसके साथियों को बेलतरा थाना रतनपुर क्षेत्र के पास घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने रतनपुर पेट्रोल पंप की लूट के साथ-साथ दिनांक 16 जनवरी 2026 को चैतमा (जिला कोरबा) के पेट्रोल पंप तथा 9 जनवरी 2026 को पाली (जिला कोरबा) में प्रॉपर्टी डीलर से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोटरसाइकिल, एक देशी कट्टा व कारतूस, धारदार चाकू, नगदी 2500 रुपये तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी पूर्व में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों — वेद प्रकाश वैष्णव (23 वर्ष), अभिषेक प्रजापति (22 वर्ष) एवं कपिल पटेल (21 वर्ष), सभी निवासी पाली जिला कोरबा — को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बिलासपुर श्रीमती मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/एसीसीयू श्री अनुज कुमार, एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय, थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। इस उल्लेखनीय सफलता पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।