बिलासपुर, 18 जनवरी 2026।
थाना रतनपुर पुलिस एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ गांजा के अवैध परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14.336 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 40 हजार रुपये है, जब्त किया है। इसके साथ ही 02 मोटर सायकल, कुल कीमत लगभग 2 लाख 10 हजार रुपये, भी जप्त की गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में
कुशल निर्मलकर, पिता रमेश निर्मलकर, उम्र 23 वर्ष
जयकिशन उर्फ दीपक सारथी, पिता राजकुमार, उम्र 22 वर्ष
दोनों निवासी ग्राम गिधौरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर (छ.ग.) हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जिले में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
पुलिस को दिनांक 18/01/2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम गिधौरी की ओर से तीन व्यक्ति दो मोटर सायकलों में अवैध रूप से गांजा बिक्री हेतु नेवसा रोड से ग्राम जाली की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नेवसा रोड, ग्राम जाली क्षेत्र में घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
रेड के दौरान एक आरोपी आशीष कश्यप, निवासी गिधौरी, अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि शेष दो आरोपियों को मौके पर पकड़कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से 14.336 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे विधिवत जप्त कर थाना रतनपुर में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी आशीष कश्यप की तलाश जारी है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उनि. मेलाराम कठौतिया, सउनि नरेश गर्ग, आरक्षक धनराज कुम्भकार, नरेश पोर्ते, आकाश डोंगरे, लेखपाल खुसरो, मनीष जायसवाल तथा एसीसीयू टीम से प्र.आर. देवमुन पुहुप, आर. रवि यादव, अभिजीत डाहिरे एवं तदबीर पोर्ते का विशेष योगदान रहा।