अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कोनी पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कोनी पुलिस ने होटल की आड़ में गांजा बिक्री कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा एवं मोबाइल फोन जप्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस को दिनांक 20 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि रोशन उर्फ छोटू तिवारी, निवासी ग्राम पोसरा, अपने होटल की आड़ में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना की तस्दीक हेतु एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए कोनी पुलिस ने मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर आरोपी रोशन उर्फ छोटू तिवारी पिता स्व. राजकुमार तिवारी उम्र 38 वर्ष को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से भूरे रंग के टेप से लिपटे दो पैकेट बरामद किए गए, जिनकी जांच करने पर मादक पदार्थ गांजा पाया गया। तौल करने पर गांजा का कुल वजन 02 किलोग्राम निकला।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 02 किलोग्राम गांजा (कीमत ₹40,000) एवं 01 मोबाइल फोन (कीमत ₹28,000) जप्त कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर माननीय न्यायालय में रिमांड पर प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
कोनी पुलिस की जनअपील
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या नशे के कारोबार की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। आपकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी।