
बिलासपुर, 21 जनवरी 2026।
सरकंडा थाना पुलिस ने शासकीय भूमि की अवैध बिक्री कर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले 8 माह से फरार चल रहा था, जिसे पुलिस ने सूचना के आधार पर उसके निवास स्थान से दबोच लिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी नदीम अहमद (33 वर्ष) ने अपने साथियों के साथ मिलकर शासकीय घास भूमि को निजी भूमि बताकर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और अलग-अलग लोगों को बिक्री कर धोखाधड़ी की। मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 759/2025, 760/2025 एवं 867/2025 के तहत धारा 420, 467, 468, 471, 120बी एवं 34 भादवि में अपराध दर्ज किया गया था।
प्रार्थी मोह. आजम खान सहित अन्य पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी के माध्यम से खरीदी गई भूमि का नामांतरण तहसील कार्यालय द्वारा यह कहते हुए निरस्त कर दिया गया कि उक्त भूमि शासकीय है तथा कलेक्टर की अनुमति के बिना उसकी खरीदी-बिक्री नहीं की जा सकती। जांच में सामने आया कि आरोपी ने शासकीय भूमि के फर्जी दस्तावेज बनाकर रकम हड़पने के उद्देश्य से यह कृत्य किया।
दिनांक 21 जनवरी 2026 को आरोपी के अपने निवास पर आने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देश पर एएसपी (एसीसीयू) श्री अनुज कुमार एवं सीएसपी सरकंडा श्री निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्य के नेतृत्व में टीम गठित कर घेराबंदी की गई, जहाँ से आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।