💳 सकरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा
बिलासपुर, 23 जनवरी 2026।
थाना सकरी पुलिस ने फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन दिखाकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में आरोपी द्वारा अलग-अलग किस्तों में 15 हजार रुपये की ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 678/2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत आरोपी सुधीर बरामते (27 वर्ष), निवासी दलदलिहापारा थाना सकरी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया गया है।
मामले का विवरण यह है कि पीड़िता सुमन शुक्ला, जो सकरी क्षेत्र में अंबिका क्लीनिक का संचालन करती हैं, आरोपी से पूर्व परिचित थीं। आरोपी अपने बच्चे का इलाज कराने के दौरान उनके संपर्क में आया था। दिनांक 9 सितंबर 2025 से 17 सितंबर 2025 के बीच आरोपी ने इलाज और दवाइयों के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 15 हजार रुपये लिए और फर्जी यूपीआई एप के माध्यम से भुगतान दिखाकर पीड़िता को गुमराह किया।
जब पीड़िता ने बैंक में जाकर खाते की जांच की, तो पता चला कि उनके खाते में कोई राशि जमा नहीं हुई है। 19 सितंबर 2025 को आरोपी पुनः क्लीनिक पहुंचा और पैसे की मांग की, जिस पर पीड़िता ने उससे पूछताछ की। इसके बाद आरोपी मोबाइल में ट्रांजेक्शन होने की बात कहकर वहां से चला गया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सकरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।