बिलासपुर, 24 जनवरी 2026। थाना रतनपुर क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले एक बदमाश के खिलाफ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू जप्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 जनवरी 2026 को थाना रतनपुर में सूचना प्राप्त हुई कि कोसगाई मंदिर के पास एक व्यक्ति चाकू दिखाकर आम नागरिकों को डराने-धमकाने और उत्पात मचाने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके निर्देश पर थाना प्रभारी रतनपुर ने टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी रामकुमार कहरा (उम्र 30 वर्ष), पिता गणेश राम कहरा, निवासी कहरापारा, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे जप्त कर लिया गया। इसके बाद आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह एवं आरक्षक गोविंदा जायसवाल की विशेष भूमिका रही।