बिलासपुर। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर ओशियन पब्लिक स्कूल परिसर में सरस्वती पूजा एवं मातृ-पितृ पूजन का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा वेदान्ता सेवा समिति के सदस्यों ने माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर ज्ञान, बुद्धि एवं सफलता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजन के पश्चात वेदान्ता सेवा समिति द्वारा आयोजित मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने माता-पिता के चरण स्पर्श कर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस भावपूर्ण आयोजन ने विद्यालय परिसर को संस्कार, श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव से सराबोर कर दिया।


कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती ममता श्रीवास, समस्त शिक्षिकाओं एवं वेदान्ता सेवा समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अपने संबोधन में प्राचार्या श्रीमती ममता श्रीवास ने कहा कि,

“शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि माता-पिता और गुरु द्वारा दिए गए संस्कार ही बच्चों के चरित्र और भविष्य का निर्माण करते हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और पारिवारिक आदर्शों से जोड़ते हैं।”
कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन सभी के लिए प्रेरणादायक और स्मरणीय बन गया।