40 हजार से अधिक आवास पूर्ण कर राज्य में जिला अव्वल
बिलासपुर, 13 फरवरी 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण के प्रभावी क्रियान्वयन में जिले ने राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले ने 40 हजार से अधिक आवास पूर्ण कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
वित्तीय वर्ष 2024–26 तक जिले में कुल 71,435 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिनमें से 40,452 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। जनपद पंचायत बिल्हा में 11,083, कोटा में 9,102, मस्तूरी में 12,337 तथा तखतपुर में 7,930 आवास पूर्ण हुए हैं। वर्तमान में 30,983 आवास निर्माणाधीन हैं, जिन्हें समय-सीमा में पूर्ण कराने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से 12 फरवरी 2026 को जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष महाअभियान चलाया गया।


बिहान केडर की दीदियों सहित एफएलसीआरपी/आरसी, सक्रिय महिला, पशु सखी, कृषि सखी, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, आवास मित्र एवं पंचायत सचिवों द्वारा घर-घर संपर्क कर हितग्राहियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने हेतु प्रेरित किया गया। इस अभियान में नारी शक्ति की सक्रिय भागीदारी ने निर्माण कार्य को नई गति प्रदान की है।
जिला प्रशासन द्वारा सभी अपूर्ण आवासों को 30 जून 2026 तक पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सतत मॉनिटरिंग, समन्वय एवं मैदानी निरीक्षण के माध्यम से प्रगति सुनिश्चित की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित एवं पक्का आवास उपलब्ध कराना है। जिला इस लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है