बिलासपुर। शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र शनिचरी बाजार में इन दिनों अज्ञात चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की वारदातों ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है और पूरे बाजार में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां बीते कुछ दिनों से दुकानों के ताले तोड़कर नगदी और कीमती सामान चोरी किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, 12 और 13 फरवरी की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने पुन्नीलाल कृष्ण चंद गुप्ता की किराना दुकान का शटर तोड़कर गल्ले में रखे करीब 40 हजार रुपये नगद सहित अन्य सामान पार कर दिया। इसी क्रम में संतोष वाधवानी की मसाला दुकान को भी निशाना बनाया गया, जहां से हजारों रुपये की चोरी की गई। बताया जा रहा है कि चोरों ने आधा दर्जन से अधिक दुकानों में चोरी का प्रयास किया, जिनमें कई जगह वे सफल रहे।


लगातार हो रही इन घटनाओं से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त कमजोर होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
इधर, सिटी कोतवाली पुलिस ने व्यापारियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल, व्यापारियों ने बाजार में नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।