बिलासपुर। शहर के मिनी स्टेडियम में आयोजित सामाजिक क्रिकेट टूर्नामेंट में खेल और उत्साह का शानदार माहौल देखने को मिला। आज खेले गए मुकाबलों में साव समाज और दर्शन समाज की टीमें आमने-सामने रहीं, वहीं प्रतियोगिता के पहले मैच में सिंधी समाज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए यादव समाज को 40 रनों से हराकर जीत दर्ज की।
मुकाबले में सिंधी समाज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवर में 85 रन बनाए। जवाब में यादव समाज की टीम 8 ओवर में 45 रन ही बना सकी। मैच के हीरो रहे बंटी जसवानी, जिन्होंने मात्र 20 गेंदों में नाबाद 52 रनों की तूफानी पारी खेली और “प्लेयर ऑफ द मैच” चुने गए।

इस अवसर पर बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी ने खिलाड़ियों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में क्रिकेट के प्रति लगातार बढ़ता उत्साह एक सकारात्मक संकेत है। खेल के माध्यम से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, जोश और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि मैदान में खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा और बाद में आपसी भाईचारे के साथ गले मिलना समाज के लिए प्रेरणादायक है।

वहीं आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि “ग्लासौ जिला सामाजिक क्रिकेट टूर्नामेंट” का आयोजन बिलासपुर में पहली बार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन खिलाड़ियों को मंच देना है, जो बड़े मैदान में खेलने का अवसर नहीं पा पाते। आयोजकों ने कहा कि अब तक बाहर की टीमें जीतकर चली जाती थीं, लेकिन इस पहल से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।
आयोजकों ने महापौर के सहयोग और आशीर्वाद के लिए आभार जताते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट को हर साल आयोजित किया जाएगा, ताकि शहर में खेल और खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहन मिलता रहे।
टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और आगामी मुकाबलों के लिए भी लोगों में खासा उत्साह बना हुआ है।