बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना में लाया गया एक आरोपी मौका देखकर फरार हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी को किसी मामले में पूछताछ के लिए थाने लाया गया था, इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दी और आरोपी की तलाश के लिए शहरभर में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों को अलर्ट कर दिया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी की पहचान एवं लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
