उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नौबस्ता के किदवई नगर स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में दवा कारोबारी शशि रंजन मिश्रा ने रविवार तड़के अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों रिद्धि और सिद्धि का गला रेतकर हत्या कर दी। मां रेशमा के सूचना देने पर पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मिश्रा ने पश्चिम बंगाल की रेशमा छेत्री से लव मैरिज की थी और दंपति के तीन बच्चे थे। आरोपी को पत्नी के चरित्र पर शक था और वह अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था। घटना के समय बेटियां पिता के साथ सो रही थीं, सुबह उनके शव खून से लथपथ मिले। पीड़ित महिला ने आरोपी पति के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
