बिलासपुर :- ब्रह्माकुमारीस ओम शांति सरोवर उसलापुर सेवा केंद्र में आयोजित समर कैंप “बालव्यक्तित्व विकास शिविर” के पहले दिन बच्चों ने अपार उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। इस विशेष आयोजन की शुरुआत सेवा केंद्र की संचालिका, बी के छाया दीदी और अन्य सहयोगी ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा दीप प्रज्वलन से की गई। बच्चों ने सरस्वती वंदना, गायत्री मंत्र और प्रार्थना में हिस्सा लिया, जिससे वातावरण में शांति और सकारात्मकता का संचार हुआ। बीके छाया बहन ने बच्चों को अच्छे व्यवहार और आदतों के महत्व के बारे में समझाया, जैसे समय पर सोना, जल्दी उठना, ताजे फल और सब्जियां खाना स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है और घर का बना भोजन लेना। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवन के लिए हमें जंक फूड से बचना चाहिए और बड़े-बुजुर्गों का आदर , साथ ही छोटे से प्रेम करना चाहिए। इन मूल्यों को बच्चों ने खेल-खेल में, कहानियों और उदाहरणों के ज़रिए बड़ी रुचि से आत्मसात किया। बीके गरिमा बहन ने


अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला, यह बताते हुए कि जीवन में नियमों का पालन कैसे सफलता और तनाव मुक्त जीवन देता है। उन्होंने कहा कि जब हम अनुशासित रहते हैं, तो हमारा समय प्रबंधित होता है, लक्ष्यों की प्राप्ति सरल होती है, और जीवन व्यवस्थित रहता है। साथ ही, खुशी बहन और दुर्गा बहन ने बच्चों को योग, प्राणायाम और व्यायाम कराया, बीके अनामिका बहन ने एरोबिक डांस एक्सरसाइज सिखाया। अंत में, हेमा बहन ने बच्चों को मेडिटेशन कराया, जिससे बच्चों को आंतरिक शांति और एकाग्रता का अनुभव हुआ।

इस समर कैंप में बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का वादा किया है और अगले दिनों में भी ऐसे ही प्रेरक सत्र आयोजित होंगे। यह समर कैंप अगले 10 दिनों तक चलेगा, जिसमें हर दिन बच्चों को नई-नई सीख, अभ्यास और प्रेरणादायक गतिविधियाँ प्राप्त होंगी। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और जीवन में सकारात्मक दिशा मिलेगी।
ईश्वरीय सेवा में
बीके छाया बहन
