ब्रह्माकुमारीज के अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय माउंट आबू स्थित ज्ञान सरोवर में आयोजित मीडिया महासम्मेलन में देशभर के साथ-साथ बिलासपुर की प्रतिभाओं ने भी प्रभावशाली सहभागिता दर्ज कराई। छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए बीके मंजू दीदी ने जहां उद्घाटन सत्र का कुशल संचालन किया, वहीं बिलासपुर की सांस्कृतिक प्रतिभा कुमारी नीता ने अपने स्वागत नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में बिलासपुर से जुड़ी अन्य सहयोगी बहनों—बीके पूर्णिमा, बीके ईश्वरी और बीके तृषा—ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। इन सभी ने मिलकर न केवल छत्तीसगढ़ की उपस्थिति को सशक्त किया, बल्कि आध्यात्मिकता और मीडिया के समन्वय का संदेश भी प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

महासम्मेलन में मीडिया की भूमिका, वैश्विक शांति और सकारात्मक पत्रकारिता जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने मीडिया को केवल सूचना का माध्यम न मानकर समाज को दिशा देने वाला सशक्त मंच बताया।
बिलासपुर की टीम की सक्रियता और समर्पण ने यह स्पष्ट कर दिया कि छत्तीसगढ़ भी आध्यात्मिक और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उनकी भागीदारी ने पूरे आयोजन में एक अलग ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।
