राजस्थान प्रशासनिक सेवा 2024 की टॉपर और नादौती (करौली) की एसडीएम काजल मीणा को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। काजल पर जमीन संबंधी डिक्री जारी करने के बदले ₹60,000 की घूस मांगने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान उनके कार्यालय से करीब 4 लाख रुपये की अतिरिक्त नकदी भी बरामद की गई है, जिसे अवैध कलेक्शन बताया जा रहा है। उनकी पहली ही पोस्टिंग में हुई इस गिरफ्तारी ने प्रशासनिक नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना मॉक इंटरव्यू वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे ईमानदारी और समाज सेवा की बातें करती नजर आ रही हैं। एसडीएम के साथ उनके रीडर दिनेश सैनी और वरिष्ठ लिपिक प्रवीण धाकड़ को भी गिरफ्तार किया गया है।
