नकली मसाले का सच आया सामने
ब्रांडेड पैकिंग में लोगों की सेहत से खिलवाड़, व्यापार विहार में फिर पकड़ा गया नकली मसाला कारोबार
बिलासपुर- शहर में नकली मसालों का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। व्यापार विहार इलाके में खाद्य एवं औषधि विभाग की छापेमार कार्रवाई में मशहूर कंपनी “एवरेस्ट” के नाम पर डुप्लीकेट मसाले तैयार कर बाजार में खपाने का बड़ा खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नकली मसाले, पैकिंग सामग्री और ब्रांडेड रैपर बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक विभाग की टीम ने व्यापार विहार स्थित मारुति गुड्स गैरेज में दबिश देकर इस पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया। आरोपी नामी कंपनी की पैकिंग का इस्तेमाल कर नकली मसाले तैयार कर रहे थे और ट्रांसपोर्ट के जरिए शहर समेत आसपास के क्षेत्रों की दुकानों तक सप्लाई कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी इसी इलाके से नकली मसालों की खेप पकड़ी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मिलावटखोर बेखौफ होकर कारोबार चला रहे हैं। सूत्रों के अनुसार “गोलू” नामक व्यक्ति इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है, जिसने बड़े पैमाने पर नकली मसालों का जखीरा अलग-अलग गोदामों में छुपाकर रखा है।
छापेमारी के बाद विभाग ने गोदाम को सील कर दिया है और मसालों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। मामला सिर्फ नकली ब्रांड बेचने का नहीं, बल्कि सीधे लोगों की सेहत से खिलवाड़ का है। घटिया और संदिग्ध सामग्री से तैयार मसाले आम लोगों की रसोई तक पहुंच रहे थे।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद आखिर इस नकली कारोबार पर लगाम क्यों नहीं लग पा रही? और कब तक लोगों की थाली में मिलावट का जहर परोसा जाता रहेगा?
फिलहाल प्रशासन पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है और सरगना तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
