बिलासपुर। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और शासकीय जमीन पर कब्जे के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए 49 कबाड़ी दुकानों की जांच की। कार्रवाई के दौरान 19 दुकानों में संदिग्ध कबाड़ और अनियमितताएं मिलने पर पुलिस ने सख्त कदम उठाए। मंगलवार को प्रशासन ने तीन कबाड़ी दुकानों एवं अवैध गोदामों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई के बाद कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
शासकीय जमीन पर बने अवैध गोदाम ढहाए गए,चांटीडीह में बाजू साहू का अवैध कब्जा हटाया
चांटीडीह इरानी क्षेत्र में बाजू साहू पिछले लगभग 10 वर्षों से कबाड़ी दुकान संचालित कर रहा था। जांच में सामने आया कि वह शहरभर में ठेले लगवाकर कबाड़ खरीद-बिक्री का नेटवर्क चला रहा था। आरोप है कि उसने अपनी दुकान के आसपास शासकीय जमीन पर कब्जा कर बड़ा गोदाम बना लिया था। नापजोख के बाद प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। अधिकारियों ने दोबारा कब्जा करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
ट्रांसपोर्ट नगर में पिंटू चौहान पर कार्रवाई
ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में संचालित पिंटू चौहान की कबाड़ी दुकान पर भी प्रशासन का बुलडोजर चला। पुलिस जांच में आरोप सामने आया कि वह ट्रांसपोर्ट नगर और हाइवे से गुजरने वाले वाहनों के ड्राइवरों से सांठगांठ कर लोहे के सामान की अवैध खरीदी-बिक्री करता था। उसने भी शासकीय भूमि पर कब्जा कर गोदाम और यार्ड बना लिया था, जिसे प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया।

बड़ी कोनी में मंसूर बेग के कब्जे पर भी कार्रवाई
बड़ी कोनी पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास संचालित मंसूर बेग की कबाड़ी दुकान भी प्रशासन के निशाने पर रही। पुलिस ने पहले उसे गिरफ्तार किया था, जिसके दौरान उसे कथित “वीआईपी ट्रीटमेंट” दिए जाने का मामला भी चर्चा में रहा। जांच में शासकीय जमीन पर कब्जे की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की।
49 दुकानों की जांच, 18 कबाड़ी गिरफ्तार
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने 49 कबाड़ी दुकानों को सील कर सामान, दुकान और जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान संदिग्ध कबाड़ मिलने पर 18 कबाड़ियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। कई स्थानों से बड़ी मात्रा में कबाड़ जब्त किया गया है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
दो वर्ष पूर्व पुराना बस स्टैंड चौक स्थित एक चर्चित कबाड़ी दुकान पर भी निगम ने बुलडोजर चलाया था। शासकीय जमीन पर संचालित उस दुकान के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में काफी सुधार आया था।
कुछ चर्चित कबाड़ी अब भी जांच के दायरे से बाहर
सूत्रों के अनुसार सकरी क्षेत्र और उसलापुर रोड के आसपास भी कुछ बड़े कबाड़ी लंबे समय से गोदाम संचालित कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन स्थानों तक अभी कार्रवाई नहीं पहुंच सकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रशासन का अभियान और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
एएसपी ने कही यह बात
एडीशनल एसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि 49 कबाड़ी दुकानों की जांच के दौरान दस्तावेजों और कबाड़ सामग्री की जांच की गई। अवैध कबाड़ मिलने पर 18 लोगों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। वहीं शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा पाए जाने पर तीन स्थानों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। दोबारा कब्जा करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
