
बिलासपुर। दोस्ती का रिश्ता दुनिया में सबसे खूबसूरत होता है, और जब यह बचपन से लेकर जीवन के हर पड़ाव तक अटूट रहे, तो मिसाल बन जाता है। बिलासपुर के चार दोस्तों—हीरानंद जयसिंह, मनोज लाहोरानी, मुकेश लालचंदानी और राकेश भागवानी ने अपनी 42 साल की उम्र में भी बचपन की दोस्ती को जिंदा रखा है।इन चारों ने केजी (KG) से लेकर 12वीं तक की पढ़ाई एक साथ पूरी की। स्कूल के बाद चारों ने अलग-अलग विषयों में ग्रेजुएशन और फिर मास्टर्स डिग्री हासिल की, लेकिन डिग्रियों और करियर के बदलाव भी इनकी दोस्ती में दूरी नहीं ला सके।अनोखा संयोग: सबके घर में एक बेटा और एक बेटीकुदरत का ऐसा अनोखा संयोग है कि आज चारों शादीशुदा हैं और चारों के परिवार में एक पुत्र और एक कन्या (एक बेटा और एक बेटी) हैं। इनके परिवार भी आपस में इस कदर जुड़े हुए हैं कि हर एक-दो साल में सभी मिलकर एक शानदार फैमिली ट्रिप पर जरूर जाते हैं।संघर्ष में रहे साथ, आज संगठन में संभाल रहे बड़ी जिम्मेदारीजीवन के कई उतार-चढ़ाव को एक साथ पार करने वाले ये चारों दोस्त आज अपनी-अपनी फील्ड में बेहद कामयाब हैं। खास बात यह है कि व्यावसायिक और सामाजिक रूप से भी ये एक साथ कदम बढ़ा रहे हैं। वर्तमान में हीरानंद जयसिंह कैट (CAIT) बिलासपुर के अध्यक्ष हैं, मनोज लाहोरानी और मुकेश लालचंदानी मंत्री पद संभाल रहे हैं, वहीं राकेश भागवानी संगठन मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।बचपन की मासूमियत से शुरू हुआ यह सफर आज भी उसी विश्वास और प्यार के साथ जारी है। शहरवासी इन चारों यारों की इस अटूट और बेमिसाल दोस्ती को सलाम कर रहे हैं।
