
अब थाने में इस तरह हाथ जोड़ते दिखा स्टंट बॉय.. सड़कों पर एक युवती के साथ रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वायरल वीडियो में सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने के मामले में रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया और उससे सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक मोटरसाइकिल पर युवती के साथ आपत्तिजनक अंदाज में रील बनाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद रायपुर ग्रामीण पुलिस ने तत्काल इसकी जांच शुरू की। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रही मोटरसाइकिल के पंजीयन नंबर के आधार पर युवक की पहचान मठपुरैना निवासी 24 वर्षीय भीमेश देवांगन के रूप में की गई। इसके बाद उसे राखी थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के तहत सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की। साथ ही उस पर जुर्माना भी लगाया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए एक वीडियो भी बनवाया, जिसे लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जारी किया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य युवाओं को यह संदेश देना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए कानून का उल्लंघन या सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकतें करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
