
इतवारी–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन से निकले शिवभक्त, सुल्तानगंज से 105 किलोमीटर पैदल चलकर करेंगे बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक
सावन माह के पावन अवसर पर सिंधु कांवड़िया संघ का पहला जत्था शनिवार को इतवारी–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन से बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए रवाना हुआ। रेलवे स्टेशन पर भगवा वस्त्र धारण किए शिवभक्तों ने “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ अपनी धार्मिक यात्रा का शुभारंभ किया।
संघ के अध्यक्ष हरिकिशन गंगवानी ने बताया कि सिंधु कांवड़िया संघ वर्ष 1994 से लगातार श्रावणी कांवड़ यात्रा में भाग लेकर बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक की परंपरा का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को सभी श्रद्धालु सुल्तानगंज से उत्तरवाहिनी गंगा का पवित्र जल लेकर लगभग 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा प्रारंभ करेंगे। यह यात्रा असरगंज, तारापुर, रामपुर, इनारावरण और भूत बंगला होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेगी, जहां भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया जाएगा।
इस पावन यात्रा में नीलम कोटवानी, सुभाष बजाज, राकेश बजाज, मनोज धनवानी, राजेंद्र नागदेव, हीरा ग्वालानी एवं शिव दुखीराम सहित सिंधु कांवड़िया संघ के अनेक शिवभक्त शामिल हैं। श्रद्धालुओं ने यात्रा पर प्रस्थान से पूर्व देश, प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और विश्व कल्याण की कामना की।
फोटो कैप्शन: इतवारी रेलवे स्टेशन पर मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना होने से पूर्व सिंधु कांवड़िया संघ के श्रद्धालु।
