– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास और निर्माण कार्यों से जुड़े 41 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। बैठक में कई प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए आवश्यक कार्यवाही के लिए आगे बढ़ाया गया। इनमें खेल मैदान, ऑक्सीजन पार्क, सामुदायिक भवन, सीसी सड़क, नाली निर्माण और प्रकाश व्यवस्था जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं। नगर निगम सूत्रों के अनुसार, शहर के विभिन्न वार्डों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वार्ड क्रमांक 45 में स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण एवं विकास के लिए प्रस्ताव पर चर्चा की गई। वहीं, शहर में ऑक्सीजन पार्क विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए करीब 1 करोड़ 96 लाख रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया गया।
80 श्रमिकों के लिए प्रकाश व्यवस्था का प्रस्ताव
बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों, रोड डिवाइडरों और उद्यानों में प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए लगभग 80 अकुशल श्रमिकों को रखने की स्वीकृति से संबंधित प्रस्ताव रखा गया। शहर को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और रोशन बनाने के उद्देश्य से इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सामुदायिक भवन सहित अन्य निर्माण कार्यों को मंजूरी
एमआईसी की बैठक में सामुदायिक भवन निर्माण और विभिन्न निर्माण कार्यों के अतिरिक्त प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। राम मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण के लिए पुनरीक्षित प्राक्कलन के अनुसार लगभग 82.09 लाख रुपए के कार्य को मंजूरी देने पर विचार किया गया। इसके अलावा सड़क, नाली, सीसी रोड और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों को भी प्राथमिकता दी गई। निगम प्रशासन का कहना है कि स्वीकृत विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। एमआईसी की इस बैठक को शहर के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें विभिन्न वार्डों की आवश्यकताओं और लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
