– सुरेश सिंह बैस
बिलासपुर। शहर के मधुबन रोड स्थित स्थानीय भक्त कंवर राम मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं की मांग को लेकर लंबे समय से उठ रही आवाज आखिरकार रंग लाई है। मुक्तिधाम की बदहाल स्थिति और यहां आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर समय-समय पर समाचारों के माध्यम से जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया जाता रहा। अब इस जनहित के मुद्दे पर ठोस पहल करते हुए लगभग 40 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार एवं विकास कार्य का शुभारंभ कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के शुभारंभ अवसर पर नगर के विधायक अमर अग्रवाल तथा महापौर श्रीमती पूजा विधानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनके द्वारा मुक्तिधाम परिसर में प्रस्तावित विकास एवं जीर्णोद्धार कार्यों का शुभारंभ किया गया। जिसके तहत अतिथियों ने आज भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न किया। इस अवसर पर विनोद सोनी,एमआईसी मेंबर बंधु मौर्य व पार्षद रंगा नादम भी उपस्थित थे।
अंतिम यात्रा के सम्मान से जुड़ा है मुक्तिधाम का विकास
मुक्तिधाम केवल एक सार्वजनिक स्थल नहीं, बल्कि मानव जीवन की अंतिम यात्रा से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थान है। ऐसे में यहां स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुगम आवागमन, बैठने की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है। स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से भक्त कंवर राम मुक्तिधाम की स्थिति में सुधार और इसके व्यवस्थित विकास की मांग की जा रही थी। मुक्तिधाम की विभिन्न समस्याओं को समाचारों के माध्यम से लगातार प्रमुखता से उठाया गया, ताकि जिम्मेदार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस महत्वपूर्ण जनसुविधा की ओर आकर्षित हो सके।
जनसमस्या को समाचारों के माध्यम से मिली आवाज
पत्रकारिता का मूल उद्देश्य केवल घटनाओं का विवरण प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि जनहित से जुड़े मुद्दों को जिम्मेदारी के साथ समाज और शासन-प्रशासन के समक्ष रखना भी है। इसी उद्देश्य के साथ संवाददाता द्वारा भक्त कंवर राम मुक्तिधाम की आवश्यकताओं, बदहाल व्यवस्था और इसके जीर्णोद्धार की आवश्यकता को समय-समय पर समाचारों के माध्यम से उठाया जाता रहा। स्थानीय नागरिकों की मांग और मीडिया के माध्यम से लगातार उठाई गई आवाज के बाद अब मुक्तिधाम के विकास के लिए 40 लाख रुपये की राशि से कार्य प्रारंभ किया जाना क्षेत्रवासियों के लिए राहत और संतोष का विषय है।
मुक्तिधाम का बदलेगा स्वरूप
जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के बाद भक्त कंवर राम मुक्तिधाम का स्वरूप अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक होने की उम्मीद है। इससे न केवलद स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील अवसर पर लोगों को आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी।क्षेत्रवासियों ने विधायक अमर अग्रवाल और महापौर पूजा विधानी द्वारा मुक्तिधाम के विकास के लिए की गई पहल का स्वागत किया है। नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से उपेक्षित इस महत्वपूर्ण स्थल के विकास से क्षेत्र की एक बड़ी आवश्यकता पूरी होगी।
जनहित की आवाज को मिला परिणाम
भक्त कंवर राम मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ इस बात का भी उदाहरण है कि जनसमस्याओं को निरंतर और जिम्मेदारीपूर्वक उठाया जाए तो सकारात्मक परिणाम सामने आ सकते हैं। समाचारों और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से शुरू हुआ यह कार्य अब स्थानीय लोगों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है। मधुबन रोड स्थित भक्त कंवर राम मुक्तिधाम में 40 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ जीर्णोद्धार कार्य न केवल एक निर्माण परियोजना है, बल्कि स्थानीय नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग और जनहित की आवाज का परिणाम भी है।
