भरी सभा में सिंधी समाज के पार्षद प्रत्याशी को ‘पाकिस्तानी’ कहे जाने पर आक्रोश, मामले को लेकर समाज में नाराजगी
केकड़ी। चुनावी माहौल के बीच सिंधी समाज के एक पार्षद प्रत्याशी को कथित तौर पर सार्वजनिक सभा में ‘पाकिस्तानी’ कहे जाने का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस टिप्पणी को लेकर सिंधी समाज में नाराजगी जताई गई है और इसे देशभर के सिंधी समाज का अपमान बताया गया है।
समाज की ओर से जारी प्रतिक्रिया में कहा गया कि सिंधी समाज देशभक्ति, मेहनत और सामाजिक सेवा के लिए जाना जाता है। आजादी के बाद से सिंधी समाज के लोगों ने अपने परिश्रम और संघर्ष के माध्यम से देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज के लोगों का कहना है कि देश में जब भी जरूरत पड़ी, सिंधी समाज ने सेवा और सहयोग के कार्यों में आगे बढ़कर अपनी भूमिका निभाई है।
वक्तव्य में आरोप लगाया गया कि चुनावी सभा के दौरान सिंधी समाज के पार्षद प्रत्याशी को ‘पाकिस्तानी’ कहकर संबोधित किया गया, जो न केवल संबंधित प्रत्याशी बल्कि पूरे सिंधी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणी है।
समाज की ओर से इस कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा गया कि केकड़ी का हर देशभक्त नागरिक ऐसी भाषा और मानसिकता का विरोध करता है। साथ ही लोगों से 9 सितंबर को मतदान के दौरान लोकतांत्रिक तरीके से अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करने की अपील की गई है।
यह खबर और वीडियो सोशल मीडिया में ज्यादा वायरल हो रहा है
