बिलासपुर के कतियापारा में जय माँ संतोषी गणेश उत्सव समिति इस वर्ष अपने 50वें वर्ष की स्वर्ण जयंती मना रही है। पांच दशकों से चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के बीच मंगलवार को गणपति बप्पा का भव्य आगमन कराया गया।
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान से गणपति बप्पा की शोभायात्रा प्रारंभ हुई। बैंड-बाजे और धुमाल की गूंज के बीच श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
शोभायात्रा में नंदी की झांकी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला।
गणपति बप्पा की यह शोभायात्रा सिटी कोतवाली, हटरी चौक और जूना बिलासपुर के रास्ते उदाई चौक पहुंची। रास्तेभर माहौल ऐसा बना रहा, मानो पूरा शहर ही गणपति की भक्ति में रंग गया हो।
पंडाल पहुंचने से पहले भव्य आतिशबाजी की गई। आसमान में रोशनी की खूबसूरत छटा बिखरी और इसी के साथ भक्तों ने जयकारों के बीच गणपति बप्पा का स्वागत किया।
समिति के लिए यह सिर्फ भगवान गणेश के आगमन का अवसर नहीं, बल्कि 50 वर्षों की आस्था, परंपरा और सामाजिक एकजुटता का उत्सव भी है।
स्वर्ण जयंती वर्ष में गणपति बप्पा का यह भव्य आगमन आने वाले दिनों के उत्सव की भव्यता की झलक भी दिखा गया।
