VHP के सुझाव के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस, राज्य सरकार ने साफ किए अपने रुख के संकेत
कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान मांस-मछली जैसे मांसाहारी भोजन के सेवन और बिक्री को लेकर चल रही बहस के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने फिलहाल किसी तरह की पाबंदी लगाने के संकेत नहीं दिए हैं। सोमवार को मिलन मेला प्रांगण में दुर्गापूजा से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की गई, लेकिन मांसाहारी भोजन को लेकर कोई प्रतिबंधात्मक निर्देश जारी नहीं किया गया।
दरअसल, विश्व हिंदू परिषद (VHP) की ओर से दुर्गापूजा मंडपों के आसपास मांसाहारी भोजन की बिक्री और सेवन से बचने का सुझाव दिए जाने के बाद इस मुद्दे पर सोशल मीडिया में चर्चा तेज हो गई थी। इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं।
हालांकि, नबान्न सूत्रों के अनुसार, VHP की ओर से यह सुझाव उसकी विचारधारा के आधार पर दिया गया था। राज्य सरकार फिलहाल मांसाहारी भोजन की बिक्री या सेवन पर किसी प्रकार का प्रतिबंध लागू करने के पक्ष में नहीं है।
सरकार की ओर से दुर्गापूजा आयोजन को लेकर अन्य व्यवस्थाओं और तैयारियों पर निर्णय लिए गए हैं, लेकिन मांस-मछली को लेकर किसी तरह की रोक संबंधी घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा के दौरान मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध की कोई सरकारी व्यवस्था लागू होती नजर नहीं आ रही है।
