कोलकाता/पश्चिम बंगाल। दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन छोड़ने की अपील को लेकर बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री विवादों में घिर गए हैं। उनके कथित बयान को लेकर कांग्रेस की दक्षिण कोलकाता जिला इकाई ने भवानीपुर थाने में शिकायत देकर FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस का आरोप है कि 5 सितंबर को हावड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणियों से बंगालियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।
बताया जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री ने दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल के लोगों से मांसाहारी भोजन छोड़ने की अपील की थी। साथ ही धार्मिक अवसरों पर मांसाहार करने वालों को लेकर भी उन्होंने टिप्पणी की थी। इसी बयान को लेकर अब राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है।
वहीं, बंगाल में भाजपा नेताओं की ओर से भी इस बयान से दूरी बनाए जाने की बात सामने आई है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान मांसाहार बंगाल में विवाद का विषय नहीं है। उन्होंने बंगाल में बकरे की बलि की परंपरा का भी उल्लेख किया।
फिलहाल पुलिस में शिकायत के बाद मामले ने कानूनी रूप ले लिया है। अब पुलिस शिकायत की जांच के बाद क्या कदम उठाती है और धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ FIR दर्ज होती है या नहीं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
