रायपुर। जोरा मॉल रायपुर में आयोजित विशेष फिल्म प्रदर्शन के दौरान फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल श्री रमेन डेका, माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू सहित विधायकगण एवं निगम-मंडल-आयोग के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।
फिल्म देखने के बाद उपस्थित अतिथियों ने इसके आध्यात्मिक और भावनात्मक पक्ष की सराहना की। फिल्म पूज्य नीब करोली बाबा जी के जीवन, उनकी भक्ति तथा भगवान हनुमान जी के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा पर आधारित है।
फिल्म के अनेक दृश्य ऐसे रहे, जिन्होंने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। बाबा के जीवन, उनकी साधना और हनुमान भक्ति को जिस संवेदनशील एवं भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुत किया गया, उससे कई दृश्यों में दर्शकों के रोंगटे खड़े हो गए और उनकी आध्यात्मिक अनुभूति लंबे समय तक मन में बनी रही।
फिल्म में अभिनेताओं के अभिनय से लेकर निर्देशन और पूरी तकनीकी टीम के प्रयासों तक, हर पहलू में पूज्य नीब करोली बाबा के व्यक्तित्व और उनकी भक्ति को श्रद्धा के साथ प्रस्तुत करने का प्रयास दिखाई दिया। बाबा के चरित्र को पर्दे पर जिस भावपूर्ण ढंग से जीवंत किया गया, उसने दर्शकों के हृदय पर गहरी छाप छोड़ी।
इस अवसर पर फिल्म की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि ऐसी फिल्में भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, भक्ति और संतों के जीवन से नई पीढ़ी को परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
‘हनुमान अंश’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना की अनुभूति कराने वाला भावपूर्ण प्रयास बनकर सामने आई है।
