*
*बिलासपुर टिकरापारा :* प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के आबू रोड स्थित मानसरोवर परिसर में राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन (‘श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया’) के प्रथम प्रभात सत्र का सफल आयोजन हुआ। ‘ध्यान एवं दैनिक जीवन में आध्यात्मिक अनुप्रयोग’ विषय पर आयोजित इस सत्र को बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से पधारीं मीडिया एवं पीआर विंग की राज्य समन्विका ब्रह्माकुमारी मंजू दीदी ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।
*जीवन का रिमोट कंट्रोल स्वयं के हाथ में रखें:*
सत्र को संबोधित करते हुए मंजू दीदी ने कहा कि दैनिक जीवन में ध्यान और आध्यात्मिकता को अपनाने से मन को आंतरिक शक्ति, शांति और कार्य में कुशलता प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि अक्सर मनुष्य अपने जीवन का रिमोट कंट्रोल दूसरों के हाथों में दे देता है, जिससे परिस्थितियों के अनुसार क्रोध और तनाव उत्पन्न होता है। किसी के गलत बोलने पर तुरंत प्रतिक्रिया (React) करने के बजाय स्वयं पर नियंत्रण रखना आवश्यक है, क्योंकि क्रोध की वाणी से सबसे पहली चोट व्यक्ति को स्वयं पहुँचती है।
*दूसरों के प्रबंधन से पहले स्व-प्रबंधन जरूरी:*
दीदी ने ‘मैनेज द सेल्फ बिफोर मैनेजिंग अदर्स’ का सिद्धांत देते हुए कहा कि दूसरों को संभालने से पहले खुद को संभालना जरूरी है। यदि हमारी स्व-स्थिति शक्तिशाली है, तो हम किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि लोग अक्सर ऑफिस या सीनियर के तनाव को घर आकर परिवार पर निकालते हैं। कार्य का दबाव (Pressure) होना स्वाभाविक है, लेकिन इसे आध्यात्मिकता और ध्यान के माध्यम से आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है।
*मीडियाकर्मियों के लिए विशेष संदेश:*
समाज निर्माण में मीडिया की भूमिका को अत्यंत सशक्त बताते हुए मंजू दीदी ने कहा कि यदि मीडिया बंधु स्वयं प्रसन्न और आनंदित रहेंगे, तो वे समाज में भी खुशी और सकारात्मकता का प्रसार कर सकेंगे। उन्होंने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से अपनी व्यस्त दिनचर्या में से प्रतिदिन 30 मिनट से 1 घंटा स्व-चिंतन और ध्यान के लिए निकालने का आह्वान किया।
**सच्चा सुख परमात्मा से जुड़ाव में:**
उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मा के मूल प्राकृतिक गुण *प्रेम, शांति और आनंद* हैं, जबकि क्रोध, ईर्ष्या और अहंकार कृत्रिम विकार हैं। सच्चा सुख और स्थायी आनंद ज्योति स्वरूप परमात्मा (शिव बाबा) से जुड़कर और नियमित राजयोग ध्यान के अभ्यास से ही प्राप्त होता है।
कार्यक्रम का संचालन बिलासपुर की राजयोग शिक्षिका बीके ईश्वरी ने किया। सत्र में देशभर से आए मीडिया प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
—
